देश
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने जन्मदिन पर जगन्नाथ मंदिर में की पूजा, PM मोदी समेत कइयों ने दी बधाई

आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 66वां जन्मदिन है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई मंत्रियों और नेताओं ने बधाई दी। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनकी अच्छी सेहत और लंबे जीवन की कामना की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में जानें
बता दें, राष्ट्रपति मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाली आदिवासी परिवार में हुआ था। उन्होंने 25 जुलाई 2022 को राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। इससे पहले वह झारखंड की राज्यपाल थीं। अपने जन्मदिन पर राष्ट्रपति मुर्मू ने आज दिल्ली में जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
द्रौपदी मुर्मू का प्रारंभिक जीवन कठिनाइयों और संघर्षों से भरा रहा। गांव के स्कूल से प्राथमिक शिक्षा पूरी करने के बाद मुर्मू आगे की पढ़ाई के लिए भुवनेश्वर गईं। उन्होंने रमादेवी महिला महाविद्यालय, भुवनेश्वर से कला स्नातक की उपाधि प्राप्त की। वे अपने गांव से कॉलेज जाने वाली प्रथम बालिका बनीं।
इन लोगों ने दी जन्मदिन की बधाई
करोड़ों लोगों को उम्मीद देती उनकी जीवन यात्रा: पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, ‘राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारे राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा और समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है। गरीबों और हाशिए पर पड़े लोगों की सेवा करने पर उनका ज्ञान और जोर एक मजबूत मार्गदर्शक शक्ति है। उनकी जीवन यात्रा करोड़ों लोगों को उम्मीद देती है। उनके अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए भारत हमेशा उनका आभारी रहेगा। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’
राष्ट्रपति का समर्पण एक प्रेरणा: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राष्ट्र के विकास के लिए राष्ट्रपति का समर्पण एक प्रेरणा है। उन्होंने कहा, ‘भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र के विकास और समाज के गरीब और हाशिए के वर्गों के उत्थान के लिए आपका समर्पण सभी के लिए एक प्रेरणा है। मैं ईश्वर से आपके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।’
भारत को उनके योगदान से बहुत लाभ हुआ: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही कहा कि देश को उनकी अंतर्दृष्टि और उनके दिए योगदान से बहुत लाभ हुआ है। सिंह ने आगे कहा, ‘भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं। भारत के सर्वांगीण विकास के लिए उनकी राजनेता और दृष्टि के लिए उनका व्यापक रूप से सम्मान किया जाता है। भारत को उनकी अंतर्दृष्टि और योगदान से बहुत लाभ हुआ है। हमारे समाज के गरीब और कमजोर वर्गों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए उनका जुनून सराहनीय है। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।’
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनसेवा, लोक-कल्याण व वंचित वर्ग के उत्थान के लिए आपका समर्पण हमें प्रेरणा प्रदान करते हैं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।
असम सीएम ने भी दी बधाई
वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राष्ट्रपति को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्रपति जी ज्ञान और गरिमा के प्रतीक के रूप में हमारे सामने खड़ी हैं। हमारे लोगों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और उनकी प्रेरक जीवन यात्रा पूरे राष्ट्र को प्रेरित करती है। असम में हम आने वाले दिनों में उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन चाहते हैं। मैं मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें राष्ट्र की सेवा में दीर्घायु जीवन का आशीर्वाद दें।’
यूपी के सीएम ने राष्ट्रपति मुर्मू को जन्मदिन पर बधाई दी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है.। सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, जनसेवा, राष्ट्र सेवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए सतत समर्पित माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! भगवान श्री जगन्नाथ जी से आपके सुदीर्घ व सुयशपूर्ण जीवन और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना है।
देश
‘मोदी नाम की बीमारी…’ PCC चीफ दीपक बैज का भड़काउ बयान

रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) देशव्यापी जनसंपर्क अभियान चला रही है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। रायपुर पहुंचते ही उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला, जिस पर अब छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने कड़ा पलटवार किया है। दीपक बैज ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के नेता ‘मोदी नाम की बीमारी’ से बाहर नहीं आ पा रहे हैं।
गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर साधा था निशाना
छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पीएम मोदी के कार्यकाल में देश ने तकनीकी, आर्थिक और सामाजिक क्षेत्रों में ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को देश में हुआ यह विकास दिखाई नहीं देता।
सत्ता के नशे में आंखें चौंधिया गई हैं: दीपक बैज
केंद्रीय मंत्री के इस बयान पर पलटवार करने में कांग्रेस ने भी देरी नहीं की। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने मीडिया से बातचीत में कहा:
“भाजपा के लोग मोदी नामक बीमारी से बाहर नहीं आ पा रहे हैं। एक तरफ देश में महंगाई आसमान छू रही है, पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के दाम
आम जनता की पहुंच से बाहर हो रहे हैं, और दूसरी तरफ भाजपा के नेता कह रहे हैं कि विकास हो रहा है।”
‘पेट्रोल पंप जाकर जनता से पूछें विकास की हकीकत’
दीपक बैज ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को नसीहत देते हुए कहा कि अगर उन्हें असल विकास देखना है, तो सिक्योरिटी छोड़कर किसी भी आम पेट्रोल पंप पर जाएं और वहां खड़े आम नागरिकों से पूछें कि देश में कितना विकास हुआ है। जनता खुद उन्हें सच्चाई का जवाब दे देगी। बैज ने आगे कहा कि गिरिराज सिंह को सत्ता का नशा हो गया है, जिसके कारण उनकी आंखें चौंधिया गई हैं और उन्हें जनता की तकलीफें दिखाई नहीं दे रही हैं।
छत्तीसगढ़
कम लागत, ज़्यादा मुनाफ़ा: छत्तीसगढ़ में नैनो उर्वरक लिख रहे हैं किसानों की समृद्धि की नई इबारत

रायपुर: छत्तीसगढ़ की सुशासन सरकार किसानों को वैज्ञानिक और आधुनिक खेती से जोड़कर उनकी आय दोगुनी करने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। इसी कड़ी में राज्य सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में नैनो उर्वरकों (नैनो यूरिया और नैनो डीएपी) के उपयोग और उपलब्धता को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। आधुनिक तकनीक और किसान-हितैषी नीतियों के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
- कम लागत में बेहतर उत्पादन का बेहतरीन विकल्प
पारंपरिक खाद के मुकाबले नैनो यूरिया और नैनो डीएपी किसानों के लिए बेहद किफायती और असरदार साबित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, नैनो उर्वरकों के उपयोग से न केवल फसलों का उत्पादन बेहतर होता है, बल्कि किसानों की जेब पर पड़ने वाला बोझ भी कम होता है।
- बचेंगे पैसे, घटेगी मेहनत
नैनो उर्वरकों की सबसे बड़ी खासियत इनकी सुगमता है। जहां पहले भारी-भरकम खाद की बोरियों को लाने-ले जाने और भंडारण (Storage) में काफी दिक्कतें आती थीं, वहीं अब नैनो तकनीक के कारण:
परिवहन (Transportation) का खर्च बेहद कम हो गया है।
भंडारण की समस्या से मुक्ति मिली है।
खेतों में छिड़काव के लिए लगने वाली मजदूरी की लागत में भारी कमी आई है।
“सुशासन सरकार का संकल्प”
सरकार का मुख्य उद्देश्य आधुनिक तकनीक को सीधे किसानों के खेतों तक पहुँचाना है, ताकि लागत कम हो और मुनाफा ज़्यादा। आधुनिक और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर छत्तीसगढ़ के किसान अब समृद्धि और आत्मनिर्भरता की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
देश
पीएम मोदी के नेतृत्व में राज्यों में बीजेपी का विस्तार, कई प्रदेशों में रचा नया राजनीतिक इतिहास

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के कई राज्यों में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करते हुए लगातार चुनावी सफलताओं का नया इतिहास रचा है। एक समय जिन राज्यों में बीजेपी का प्रभाव सीमित था, वहां आज पार्टी न केवल सत्ता में पहुंची है बल्कि लगातार जीत दर्ज कर अपनी स्थिति को और मजबूत किया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पिछले एक दशक में बीजेपी ने संगठन विस्तार, मजबूत नेतृत्व और प्रभावी चुनावी रणनीति के दम पर देश के विभिन्न हिस्सों में अपना जनाधार बढ़ाया है। महाराष्ट्र, हरियाणा, असम, त्रिपुरा और ओडिशा जैसे राज्यों में पार्टी ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए नई राजनीतिक इबारत लिखी है।
- महाराष्ट्र और हरियाणा से मिली नई दिशा
साल 2014 बीजेपी के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक साबित हुआ। महाराष्ट्र में पार्टी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरी और देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में पहली बार पूर्ण रूप से बीजेपी सरकार का गठन हुआ। इसी वर्ष हरियाणा में भी पार्टी ने नया इतिहास रचते हुए मनोहर लाल खट्टर को मुख्यमंत्री बनाया। इसके बाद दोनों राज्यों में बीजेपी ने लगातार चुनावी सफलता हासिल कर अपनी मजबूत उपस्थिति बनाए रखी।
- पूर्वोत्तर में मजबूत हुआ कमल
पूर्वोत्तर भारत में बीजेपी का विस्तार वर्ष 2016 से तेज़ी से शुरू हुआ। असम में पहली बार पार्टी की सरकार बनी और सर्बानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री बने। इसके बाद अरुणाचल प्रदेश में पेमा खांडू और मणिपुर में एन. बीरेन सिंह के नेतृत्व में बीजेपी ने अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत की। वर्ष 2018 में त्रिपुरा में वामपंथी दलों के लंबे शासन को समाप्त कर बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
- ओडिशा में बदला राजनीतिक समीकरण
वर्ष 2024 में ओडिशा की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला। लंबे समय तक सत्ता में रही क्षेत्रीय राजनीति को चुनौती देते हुए बीजेपी ने पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाकर राज्य में नया राजनीतिक अध्याय शुरू किया।
- संगठन और रणनीति का मिला लाभ
बीजेपी की लगातार चुनावी सफलताओं को पार्टी संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी ने विभिन्न राज्यों में स्थानीय मुद्दों को राष्ट्रीय दृष्टिकोण के साथ जोड़ते हुए मतदाताओं तक अपनी पहुंच बढ़ाई है।



















